BREAKING

लखनऊ: गोमतीनगर में खौफनाक वारदात: पत्नी और बहन की हत्या के बाद बैंककर्मी ने की आत्महत्या

 व्यूरो 

गोमतीनगर में खौफनाक वारदात: पत्नी और बहन की हत्या के बाद बैंककर्मी ने की आत्महत्या

लखनऊ। गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहे पर गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बैंककर्मी ने अपनी पत्नी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह हुसड़िया स्थित अपनी बहन के घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मानस बाजपेई के रूप में हुई है। वह भारतीय स्टेट बैंक में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। दोनों ने वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। वर्ष 2024 से दोनों के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था और इसी वर्ष मानस ने तलाक के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की थी।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गुरुवार सुबह दिव्या बैंक में मीटिंग के लिए पहुंची थीं। मानस बैंक के बाहर ऑटो में बैठकर उनके बाहर आने का इंतजार कर रहा था। मीटिंग समाप्त होने के बाद वह दिव्या को बाहर लेकर आया। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर हथियार निकालकर पहले उन पर हमला किया और फिर गोली मार दी। वारदात के बाद वह हुसड़िया की ओर निकल गया।

बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद मानस ने मोबाइल पर WhatsApp Status भी लगाया, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और बहन की हत्या करने तथा खुद आत्महत्या करने की बात लिखी। पुलिस अब उसके मोबाइल की गतिविधियों और संदेशों की जांच कर रही है।

इसी बीच पुलिस को हुसड़िया स्थित मकान में गोली चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को मानस की बहन तुलिका का शव मिला, जबकि मानस गंभीर हालत में पड़ा था। उसने खुद को भी गोली मार ली थी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है। इन हथियारों में से किससे गोलियां चलाई गईं, इसकी पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर घटना पर दुख जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्या पति के व्यवहार से परेशान होकर अलग रह रही थीं। पुलिस इन आरोपों और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन वारदात को अंजाम देने के पीछे तत्काल कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मानस के मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटना की कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Previous Post Next Post